Advertisement

किडजी सुंदरबनी में बुजुर्गों के सम्मान और संस्कारों का संदेश, ग्रैंडपेरेंट्स डे पर बच्चों ने बांधा समां

चंद्र दत्त, जिला राजौरी, पुलिस दर्पण

सुंदरबनी, 14 सितंबर 2026: किडजी स्कूल सुंदरबनी में ग्रैंडपेरेंट्स डे बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें डीआईजी राजौरी संदीप वज़ीर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, दादा-दादी और नाना-नानी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

बच्चों ने गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। ग्रैंडपेरेंट्स के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें बुजुर्गों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया। डीआईजी राजौरी संदीप वज़ीर ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को सही दिशा देना और उन्हें अच्छे संस्कार देना माता-पिता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नशे तथा अन्य बुरी आदतों से दूर रखने और उनके लिए सकारात्मक एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही अनुशासन, मेहनत, संस्कार और जिम्मेदारी का महत्व समझाया जाना चाहिए। डीआईजी ने बच्चों से अपने माता-पिता और बुजुर्गों का हमेशा आदर-सत्कार करने की अपील करते हुए कहा कि आज वे जिस योग्य बने हैं, उसमें उनके बड़ों के त्याग, मेहनत और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने दादा-दादी और नाना-नानी को परिवार की मजबूत नींव बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और आशीर्वाद बच्चों के जीवन में अमूल्य हैं। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

किडजी स्कूल की एमडी सुरभि शर्मा ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और ग्रैंडपेरेंट्स का स्वागत करते हुए कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में परिवार और बुजुर्गों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्कूल बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। सुरभि शर्मा ने कहा कि ग्रैंडपेरेंट्स डे का उद्देश्य बच्चों और उनके बुजुर्गों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को मजबूत करना और नई पीढ़ी को अपने बड़ों के सम्मान का महत्व समझाना है।

स्कूल प्रबंधन की ओर से डीआईजी राजौरी संदीप वज़ीर को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर एसएचओ सुंदरबनी दलवीर सिंह, रिपु दमन गुप्ता, सोनू शर्मा, जोगिंदर पाल, शालिनी शर्मा सहित स्कूल का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम में अभिभावकों और ग्रैंडपेरेंट्स ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया तथा विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की। पूरे कार्यक्रम में पारिवारिक प्रेम, बुजुर्गों के सम्मान और भारतीय संस्कारों की झलक देखने को मिली। ग्रैंडपेरेंट्स डे का यह आयोजन बच्चों, अभिभावकों और बुजुर्गों के लिए यादगार बन गया।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!