राजेश कुमार पुलिस दर्पण जेके
ठाठरी/डोडा (जम्मू-कश्मीर): जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री ने अपने दो दिवसीय ठाठरी और किश्तवाड़ दौरे के पहले दिन ठाठरी का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा की और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं, बुनियादी सुविधाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों की विस्तृत जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने उपायुक्त (डिप्टी कमिश्नर) डोडा के साथ भी बैठक की, जिसमें जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उप मुख्यमंत्री ने ठाठरी में स्थानीय नागरिकों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं व कठिनाइयों को गंभीरता से सुना। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
मीडिया से बातचीत में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार जनता से किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जो घोषणाएं की गई थीं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू करने की दिशा में सरकार गंभीर प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का घोषणा पत्र पूरी तरह जनहित और जम्मू-कश्मीर के अधिकारों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना सरकार की जिम्मेदारी है।
राज्य के दर्जे के मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने चुनावों के बाद जल्द राज्य का दर्जा बहाल करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल होने से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और जनता की समस्याओं का समाधान अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

















Leave a Reply