शटर का सेंटर लॉक तोड़कर दुकान में घुसे आरोपी, सीसीटीवी कैमरों को भी किया क्षतिग्रस्त
उधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बटल बालियां चौक में चोरों ने अमूल के एक आइसक्रीम स्कूपिंग पार्लर को निशाना बनाया। चोर दुकान का शटर और सेंटर लॉक तोड़कर अंदर घुसे तथा नकदी, सामान और सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग वाला डीवीआर लेकर फरार हो गए। दुकान के बाहर खड़ी एक कार भी गायब मिली, जो बाद में करीब दो किलोमीटर दूर पंक्चर हालत में बरामद हुई।
सीसीटीवी कैमरों को तोड़कर मिटाए सुराग
दुकान मालिक धीरज के अनुसार, सोमवार सुबह उनके भाई जब सैर से लौटे तो दुकान का शटर टूटा हुआ मिला। जांच में पता चला कि चोरों ने पहले बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा बदल दी थी। एक कैमरे को तोड़कर सड़क किनारे नाले में फेंक दिया गया था। इसके बाद चोरों ने शटर का सेंटर लॉक तोड़कर दुकान में प्रवेश किया।
चोर दुकान में रखी एलईडी और डीवीआर भी उखाड़कर ले गए। दुकान से करीब 8 से 9 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है। दुकान मालिक के मुताबिक, चोर काफी देर तक अंदर रहे और वहां आइसक्रीम भी खाई।
इलाके में पहले भी हो चुकी है चोरी
स्थानीय लोगों के अनुसार, चार-पांच दिन पहले इसी क्षेत्र में एक घर से करीब चार से पांच लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण चोरी हुए थे। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में चिंता है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। स्थानीय लोगों ने बटल बालियां चौक पर पुलिस गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है।

















Leave a Reply