Advertisement

जम्मू-कश्मीर के हीरानगर में मिला ‘जासूस कबूतर’! पंखों पर रंगीन निशान, पंजे में पाकिस्तानी नंबर वाली रिंग, जांच शुरू

पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। सीमावर्ती क्षेत्रों में कभी संदिग्ध गुब्बारे तो कभी संदिग्ध पक्षी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ती रहती है। इसी कड़ी में सोमवार सुबह उपमंडल हीरानगर के छन्न खतरियां गांव में एक संदिग्ध कबूतर मिलने से इलाके में हलचल मच गई।

जानकारी के अनुसार, एक स्थानीय व्यक्ति ने सुबह खेतों में एक कबूतर को देखा। कबूतर को पकड़ने पर उसके पैर में एक रिंग लगी हुई मिली, जिस पर पाकिस्तानी मोबाइल नंबर अंकित बताया जा रहा है।

कबूतर के पंखों पर सफेद, काले और हरे रंग के निशान भी दिखाई दे रहे थे, जिससे स्थानीय लोगों में इसे लेकर संदेह पैदा हो गया।

पैर में पाकिस्तानी नंबर वाली रिंग ने बढ़ाया शक

मामले की जानकारी मिलने के बाद संदिग्ध कबूतर को पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके पैर में लगी रिंग और उस पर अंकित पाकिस्तानी मोबाइल नंबर अब सुरक्षा एजेंसियों के लिए जांच का विषय बन गया है।

एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कबूतर कहां से आया और उसके पैर में पाकिस्तानी नंबर वाली रिंग लगाए जाने का क्या मकसद है।

पहले भी सीमावर्ती इलाके में मिले संदिग्ध गुब्बारे

गौरतलब है कि सीमावर्ती क्षेत्र में पहले भी संदिग्ध गुब्बारे और अन्य वस्तुएं मिलने के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तानी नंबर वाली रिंग लगे कबूतर के मिलने से सुरक्षा के लिहाज से मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *