डीआईजी से की बातचीत, पुलिस ने जल्द बरामदगी और जांच में तेजी का दिया आश्वासन
राजेश कुमार, पुलिस दर्पण
मेंढर, पुंछ। पुंछ जिले के सब-डिवीजन मेंढर के हरनी गांव स्थित मंदिर से 15 अगस्त की रात अज्ञात चोरों द्वारा मूर्तियां चोरी किए जाने के मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है। घटना के बाद बुधवार को श्री स्वामी विश्वात्मानंद जी हरनी मंदिर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर के महंत लक्ष्मण दास तथा स्थानीय लोगों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार, 16 अगस्त की सुबह करीब चार बजे मंदिर के महंत लक्ष्मण दास जब मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मंदिर का ताला गायब था। मंदिर के अंदर पहुंचने पर वहां स्थापित मूर्तियां भी नहीं मिलीं। महंत ने तत्काल इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों ने स्वामी जी को बताई स्थिति
घटना के बाद पुलिस की ओर से मामले को जल्द सुलझाने का आश्वासन दिया गया था। हालांकि, काफी समय बीतने के बाद भी चोरी हुई मूर्तियों का पता नहीं चलने से स्थानीय लोगों में चिंता और रोष है। समाज के कुछ सदस्यों ने इस संबंध में स्वामी विश्वात्मानंद जी से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया था।
इसके बाद स्वामी जी ने बुधवार को स्वयं हरनी मंदिर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर का निरीक्षण करने के साथ महंत और स्थानीय निवासियों से घटना से जुड़ी जानकारी ली तथा मामले की प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
डीआईजी से की बातचीत
स्वामी विश्वात्मानंद जी ने मूर्तियां चोरी मामले को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में डीआईजी से भी बातचीत की। उन्होंने हरनी पुलिस चौकी के अधिकारी से संपर्क कर जांच की स्थिति के बारे में जानकारी ली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और चोरी हुई मूर्तियों का पता लगाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं।
जल्द बरामदगी की मांग
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मंदिर से चोरी हुई मूर्तियों को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाए। लोगों ने मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करने की मांग उठाई है।
स्वामी विश्वात्मानंद जी ने भी मामले के शीघ्र समाधान और मूर्तियों की बरामदगी की आवश्यकता पर जोर दिया। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि पुलिस जांच में तेजी लाकर चोरी की गई मूर्तियों का पता लगाएगी और घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।

















Leave a Reply