संवाददाता: पुलिस दर्पण
जम्मू, 4 सितंबर 2026। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जम्मू शहर में गुरुवार को भव्य एवं रंगारंग शोभायात्रा निकाली गई। जम्मू-कश्मीर धर्मार्थ ट्रस्ट ने सनातन धर्म सभा और धार्मिक युवक मंडल के सहयोग से आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। शोभायात्रा का शुभारंभ श्री रघुनाथ जी मंदिर में मूर्ति पूजन के बाद हुआ।
शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को दर्शाती आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। फूलों से सजे रथ, धार्मिक झांकियों और भक्ति गीतों के साथ श्रद्धालु पूरे उत्साह से यात्रा में शामिल हुए। शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों से गुजरते समय बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा वीर मार्ग, शहीदी चौक, राजेंद्र बाजार, कनक मंडी, सिटी चौक, ओल्ड हॉस्पिटल रोड, पुरानी मंडी, लिंक रोड और जैन बाजार सहित कई प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरी। जगह-जगह लोगों ने श्रद्धालुओं के लिए स्वागत और प्रसाद की व्यवस्था की। यात्रा के दौरान सामाजिक सौहार्द की भी मिसाल देखने को मिली। कई स्थानों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भी शोभायात्रा का स्वागत किया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। विभिन्न स्थानों पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जवान तैनात रहे, ताकि यातायात और कानून-व्यवस्था सुचारु बनी रहे। आयोजकों ने जन्माष्टमी के अवसर पर जम्मू-कश्मीर में शांति, समृद्धि और भाईचारे की कामना की।
आज शुक्रवार को जन्माष्टमी पर्व पर जम्मू के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां की गई हैं।
















Leave a Reply