राजेश कुमार | पुंछ | Police Darpan JK
पुंछ। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुंछ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को डीएसपी मुख्यालय नीरज शर्मा ने अजोट क्षेत्र में नाका लगाकर वाहनों की जांच की। इस दौरान ओवरलोडिंग के मामलों के साथ विशेष रूप से स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों की जांच की गई।
नाका चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज और क्षमता के अनुसार यात्रियों की संख्या की जांच की। स्कूल वैन समेत बच्चों को ले जाने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई। निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई वाहनों के चालान किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों या बच्चों को वाहन में न बैठाएं। अधिकारियों ने कहा कि ओवरलोडिंग यातायात नियमों का उल्लंघन होने के साथ सड़क दुर्घटना की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर जोर
पुलिस ने स्कूली वाहनों की जांच के दौरान बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की गई कि बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में निर्धारित क्षमता का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने को कहा गया।
अभियान के दौरान चौकी अधिकारी खारी कुनाल भार्गव भी मौजूद रहे। पुलिस टीम ने चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग के खिलाफ चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। विशेषकर स्कूल समय के दौरान स्कूली वाहनों की जांच पर ध्यान दिया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों और अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की अपील की है।

















Leave a Reply