संवाददाता: पुलिस दर्पण
कठुआ, 4 सितंबर 2026। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16 गोवंश को मुक्त कराया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग पर चड़वाल क्षेत्र में की गई। पुलिस के अनुसार, राजबाग थाना क्षेत्र में नाका चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक पंजाब की ओर से जम्मू-कश्मीर की तरफ आ रहा था। तलाशी के दौरान उसमें 16 गोवंश को अमानवीय तरीके से लदा पाया गया।
पुलिस टीम ने तत्काल सभी पशुओं को वाहन से बाहर निकालकर सुरक्षित किया। बरामद पशुओं में छह गाय और दस बैल शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया गया। वाहन चालक मौके से फरार बताया गया है और उसकी पहचान एवं तलाश के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मामले में राजबाग थाने में एफआईआर संख्या 204/2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धारा और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोवंश को कहां से लाया गया था और इन्हें जम्मू-कश्मीर में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
कठुआ पुलिस का कहना है कि जिले में पशु तस्करी पर रोक लगाने के लिए नाकों और संवेदनशील मार्गों पर निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें पशु तस्करी से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
















Leave a Reply