Advertisement

कश्मीरी हिंदू विस्थापित कैंपों में मरम्मत और विकास कार्य तेज

200 से अधिक भवन ब्लॉकों और करीब 5,000 फ्लैटों के जीर्णोद्धार का काम शुरू

पुलिस दर्पण, जम्मू-कश्मीर

जम्मू, 29 सितंबर। जम्मू में कश्मीरी हिंदू विस्थापित कैंपों में मरम्मत, जीर्णोद्धार और बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन का काम व्यापक स्तर पर शुरू किया गया है। सरकार की ओर से 200 से अधिक भवन ब्लॉकों और करीब 5,000 फ्लैटों के साथ सामुदायिक हाल तथा अन्य साझा सुविधाओं की मरम्मत एवं नवीनीकरण कराया जा रहा है।

जगटी कैंप का निरीक्षण

राहत एवं पुनर्वास (माइग्रेंट्स), जम्मू-कश्मीर के आयुक्त अरविंद करवानी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जगटी-नगरोटा विस्थापित कैंप का दौरा कर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गुणवत्ता पर विशेष जोर

आयुक्त ने सभी भवनों का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराने तथा निर्माण कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को स्थानीय निवासियों और संबंधित कैंप कमांडेंट से परामर्श के बाद आगे बढ़ाया जाए, ताकि जरूरत के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता दी जा सके।

सड़क, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विकास

अरविंद करवानी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने जम्मू के विभिन्न विस्थापित कैंपों में भवनों की मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। इसके अलावा आंतरिक सड़कों और गलियों, पार्कों तथा विस्थापित स्कूलों के विकास की योजनाएं भी तैयार की गई हैं।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डिस्पेंसरी और सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल जगटी के विकास तथा फेस-लिफ्ट की व्यापक परियोजना भी तैयार की गई है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!