Advertisement

न्यू मॉडल एकेडमी मर्चौला में ‘सपनों का भारत’ के तहत पेंटिंग प्रतियोगिता

राजेश कुमार जेके | पुंछ

मर्चौला। “सपनों का भारत” कार्यक्रम के अंतर्गत न्यू मॉडल एकेडमी, मर्चौला में पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 120 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रंगों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की सुंदर तस्वीरें प्रस्तुत कीं।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपने विचारों और कल्पनाओं को स्वतंत्र रूप से अभिव्यक्त करने का अवसर भी मिला।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीतम शर्मा, पूर्व बीडीसी चेयरमैन स्योट बालकृष्ण शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम कन्वीनियर रजत सिंह चिब, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष एवं सह-कन्वीनियर अभिनव प्राशर तथा न्यू मॉडल एकेडमी के प्रधानाचार्य कमल शर्मा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को उचित दिशा और प्रोत्साहन देकर उन्हें देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, संस्कार, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य, विकास, शिक्षा, पर्यावरण और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विभिन्न विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। आयोजन को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!