Advertisement

पानी का बिल जमा करने के नाम पर साइबर ठगी, बुजुर्ग के खाते से उड़ाए 1.62 लाख रुपये

जल बोर्ड का अधिकारी बनकर भेजा फर्जी पेमेंट लिंक, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लोगों को किया सतर्क

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पानी का बिल जमा करने के नाम पर की जा रही साइबर ठगी को लेकर लोगों को सतर्क किया है। पुलिस के अनुसार, एक वरिष्ठ नागरिक को जल बोर्ड का अधिकारी बनकर ठगने वाले साइबर अपराधी ने पानी का कनेक्शन काटने की धमकी देकर उनके बैंक खाते से 1.62 लाख रुपये निकाल लिए।

व्हाट्सऐप पर भेजा फर्जी भुगतान लिंक

पुलिस की ओर से जारी साइबर सुरक्षा एडवाइजरी के मुताबिक, ठग ने पीड़ित को फोन या संदेश के माध्यम से बकाया पानी का बिल जमा नहीं करने पर जलापूर्ति बंद करने की चेतावनी दी। इसके बाद व्हाट्सऐप पर एक फर्जी भुगतान लिंक भेजा गया। पीड़ित ने ठग के झांसे में आकर अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा कर दी, जिसके बाद उनके खाते से 1.62 लाख रुपये की रकम निकाल ली गई।

अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान नंबरों से आने वाले कॉल और संदेशों पर भरोसा न करें। विशेष रूप से पानी, बिजली या अन्य सेवाओं का कनेक्शन काटने की धमकी देकर तत्काल भुगतान कराने वाले संदेशों से सावधान रहें। बिल का भुगतान हमेशा संबंधित विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत मोबाइल एप के माध्यम से ही करें।

पुलिस ने यह भी सलाह दी है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग विवरण साझा न करें और न ही किसी संदिग्ध लिंक के माध्यम से भुगतान करें। भुगतान संबंधी मांग की सत्यता की पुष्टि संबंधित विभाग से अवश्य करें।

साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

पुलिस ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर पीड़ित राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर सकते हैं या आधिकारिक पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने या वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!